हमने अपने दोनों मंत्री बदल दिए हैं, अब आतिशी और सौरभ भारद्वाज उनका काम संभालेंगे- अरविंद केजरीवाल
‘‘आप’’ के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि यह कोई इत्तेफाक नहीं है कि शिक्षा और स्वास्थ्य में हमारा सबसे अच्छा काम हुआ है और शिक्षा व स्वास्थ्य मंत्री को जेल में डाल दिया गया। इसलिए शराब नीति सिर्फ बहाना है, हमारे अच्छे काम रोकना ही इनका असली मकसद है। मैं दिल्ली और देश की जनता को आश्वासन देना चाहता हूं कि काम नहीं रूकेगा। दिल्ली का अच्छा काम जारी रहेगा। पहले अगर हम 80 की स्पीड से चल रहे थे, तो अब 150 की स्पीड से काम चलेगा। इन्होंने हमारे दो मंत्री जेल में डाल दिए हैं। हमने अपने दोनों मंत्री बदल दिए हैं। आतिशी और सौरभ भारद्वाज बहुत पढ़े-लिखे, पेशेवर लोग हैं, अब ये दोनों लोग उनका काम संभालेंगे। मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन जो काम कर रहे थे, वो काम अब दोगुनी गति से चलेगा। हम किसी भी हालत में दिल्ली के लोगों के काम को रूकने नहीं देंगे।






